चिकित्सा जगत में देवड़ा परिवार का परचम, कुचामन में डॉक्टर इशाक देवड़ा व डॉक्टर बुशरा देवड़ा का हुआ भव्य सम्मान

कुचामन सिटी का देवड़ा परिवार चिकित्सा क्षेत्र में प्रदेशभर में लहरा रहा परचम।

परिवार के 11 सदस्य चिकित्सक, अलग–अलग विशेषज्ञता के साथ दे रहे सेवाएं।

डॉक्टर इशाक देवड़ा शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में संभाग स्तरीय सम्मान से हुए सम्मानित।

उनकी पुत्री डॉक्टर बुशरा देवड़ा बनी कुचामन मुस्लिम समाज की पहली महिला सरकारी चिकित्सक ।

कुचामन सिटी में छींपा समाज सहित शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर इशाक देवड़ा और उनकी पुत्री डॉक्टर बुशरा देवड़ा का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों और शहरवासियों ने देवड़ा परिवार की चिकित्सा सेवाओं और उपलब्धियों को सलाम किया।

गौरतलब है कि डॉक्टर इशाक देवड़ा को हाल ही में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संभाग स्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें यह सम्मान शिशु रोग चिकित्सा के क्षेत्र में दीर्घकालिक और विशिष्ट सेवाओं के लिए मिला है। वहीं उनकी पुत्री डॉक्टर बुशरा देवड़ा ने दो दिन पहले ही कुकनवाली के राजकीय चिकित्सालय में चिकित्सक के पद पर कार्यभार ग्रहण किया है। खास बात यह है कि डॉक्टर बुशरा कुचामन मुस्लिम समाज की पहली महिला हैं जिन्होंने सरकारी चिकित्सक के तौर पर अपनी सेवाओं की शुरुआत की है।

देवड़ा परिवार—जहां 11 चिकित्सक दे रहे सेवाएं

कुचामन सिटी का देवड़ा परिवार चिकित्सा जगत में एक अलग ही पहचान बना रहा है। इस परिवार के 11 सदस्य चिकित्सक हैं जो विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर प्रदेशभर में सेवाएं दे रहे हैं। वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर इशाक देवड़ा राजकीय जिला अस्पताल कुचामन में नित नए नवाचारों के साथ शिशु रोग चिकित्सा को बड़े शहरों जैसी सुविधाओं तक पहुंचा रहे हैं। उनके भाई डॉक्टर यूसुफ देवड़ा प्रदेश के ख्यातनाम आर्थोपेडिशियन हैं और फिलहाल सीकर में सेवाएं दे रहे हैं। छोटे भाई डॉक्टर अरशद देवड़ा नागौर में रेडियोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। इसी तरह डॉक्टर इशाक के पुत्र डॉक्टर आमिर देवड़ा शिशु रोग विशेषज्ञ हैं तो पुत्रवधू डॉक्टर सना देवड़ा स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

डॉक्टर इशाक देवड़ा के बड़े भाई शिक्षाविद सरदार देवड़ा के पुत्र नदीम सरदार देवड़ा कुचामन के राजकीय जिला चिकित्सालय में आर्थोपेडिशियन के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। पुत्रवधू जेबा शाहीन नेत्र रोग विशेषज्ञ है । इसके साथ ही पुत्री शबनम भी फिजिशियन के तौर पर सेवाएं दे रही हैं। डॉक्टर यूसुफ देवड़ा की पुत्री लायबा देवड़ा और पुत्र फहद देवड़ा भी चिकित्सक है ।

देवड़ा परिवार समाज का गौरव – मोहम्मद इकबाल भाटी

कुचामन छींपा समाज के अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल भाटी ने इस अवसर पर कहा कि कुचामन के लिए यह गर्व की बात है कि देवड़ा परिवार ने चिकित्सा जगत में इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर इशाक देवड़ा की सेवाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंची हैं और उनकी पुत्री बुशरा देवड़ा ने महिला चिकित्सक के रूप में नई राह खोली है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। मोहम्मद इकबाल भाटी ने कहा कि देवड़ा परिवार ने चिकित्सा क्षेत्र में कुचामन का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर इशाक देवड़ा की निस्वार्थ सेवाओं ने हर वर्ग के लोगों का भरोसा जीता है

समाज से मिला स्नेह और आशीर्वाद ,सबसे बड़ा पुरस्कार – डॉ इशाक देवड़ा

सम्मान मिलने के बाद डॉक्टर इशाक देवड़ा ने कहा कि समाज से मिला यह स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है। उन्होंने कहा कि वे आजीवन समाज और मरीजों की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।
डॉक्टर बुशरा देवड़ा ने कहा कि वे अपने पिता और परिवार से प्रेरणा लेकर चिकित्सा सेवाओं को नए आयाम देने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने युवतियों से आह्वान किया कि शिक्षा और सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाएं।

शायराना अंदाज में तारीफ

पूर्व पार्षद अहमद अली खान ने इस अवसर पर पिता- पुत्री की इस उपलब्धि को शायराना अंदाज में पेश करते हुए कहा

“वो तबीब हैं जो दर्द को मिटा देते हैं,
मासूम की हंसी को फिर से लौटा देते हैं।
पिता ने सेवा से इतिहास रच डाला,
तो बेटी ने हौसलों से समाज का सिर ऊँचा कर डाला।”

ये रहे मौजूद

सम्मान समारोह में मोहम्मद इकबाल भाटी, पार्षद इकराम भाटी, पूर्व पार्षद अहमद अली खान, पत्रकार सद्दाम रंगरेज, हबीब मौलानी, इमरान देवड़ा, सलीम भाटी सम्मू, अख्तर टाक, मंजूर टाक सहित कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan