
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव हेमलता चौधरी ने मंगलवार को जयपुर स्थित निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर जोधपुर की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार के चरम पर पहुंचने के मामलों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। हेमलता चौधरी ने कहा कि राज्य में आपराधिक घटनाओं की बढ़ती संख्या आमजन में भय का माहौल पैदा कर रही है, वहीं महिलाओं से जुड़े अपराधों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की जड़ें अब निचले स्तर तक फैल चुकी हैं, जिससे जनता का विश्वास तंत्र पर कमजोर हो रहा है।

चौधरी की बात सुनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। गहलोत ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को संगठन स्तर पर गंभीरता से लेगी और सरकार पर दबाव बनाएगी ताकि लोगों को राहत मिल सके।