
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए डीडवाना तहसील के खोखरों का बास निवासी एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता रामनिवास खोखर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह भदौरिया ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा की स्वीकृति के बाद की।

रामनिवास खोखर ने दायित्व मिलने पर कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान की बात है और वे शिक्षक प्रकोष्ठ की नीतियों व संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के सहयोग से शिक्षा क्षेत्र के हित में सार्थक पहल की जाएगी।

उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र के शैक्षिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। खोखर लंबे समय से शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं, और उनकी नियुक्ति को शिक्षक प्रकोष्ठ की कार्यशैली को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।