लेखन, पर्यावरण प्रबंधन और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुचामनसिटी निवासी डॉ. प्रकाश सर्वा को ‘राष्ट्रीय फॉस्टर गौरव रत्न सम्मान 2025’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के मार्गदर्शन में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया।

यह आयोजन राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण एवं खनिज मंच तथा फॉस्टर श्री कल्याणेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर स्थित राजस्थान विद्यापीठ जनार्दन नागर विश्वविद्यालय परिसर में हुआ। इस अवसर पर डॉ. प्रकाश सर्वा को पर्यावरण प्रबंधन व सामाजिक चेतना फैलाने हेतु लेखन के ज़रिए समाज को सकारात्मक दिशा देने के कार्यों के लिए यह सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूजा ने बताया कि डॉ. सर्वा का चयन लेखन, पर्यावरण प्रबंधन और सामाजिक कार्यों में उनकी समर्पित सेवाओं के लिए किया गया। आयोजन में देशभर से चयनित 111 प्रतिभागियों को विविध क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रवि चाणक्य (राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच, नई दिल्ली), विशिष्ट अतिथि कुलदीप शर्मा (अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर), किशोर कोठारी (राष्ट्रीय सलाहकार), बसंत कुमार त्रिपाठी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण संसद, नई दिल्ली), डॉ. राजश्री गांधी (वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखिका), तथा डॉ. सुनील दुबे (पारिस्थितिक वैज्ञानिक) शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ललित नारायण आमेटा ने की। चयन समिति ने बताया कि डॉ. प्रकाश सर्वा ने पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों पर लेखनी के माध्यम से जनचेतना जाग्रत की है और उनकी यही प्रतिबद्धता उन्हें सम्मान के योग्य बनाती है।
इस उपलब्धि ने न केवल कुचामनसिटी का मान बढ़ाया है, बल्कि युवाओं को समाज सेवा व पर्यावरण चेतना की दिशा में प्रेरणा देने का भी कार्य किया है।