किसानों की आवाज सरकार तक — पूर्व विधायक चेतन डूडी ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

(शकील अहमद उस्मानी, जर्नलिस्ट/डीडवाना)
मंडाबासनी पंचायत के किसानों ने फसल खराबे और बीमा दावों में हो रही अनियमितताओं को लेकर बुधवार को पूर्व विधायक चेतन डूडी के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा घोषित खराबे के बावजूद इंश्योरेंस कंपनियां इसे मानने से इंकार कर रही हैं, जिससे पहले से संकट झेल रहे किसानों पर आर्थिक दबाव और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के कर्मचारी मनमाने तरीके से क्लेम कम कर रहे हैं, कई मामलों में क्लेम रोक दिए गए हैं, और भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।

ज्ञापन में किसानों ने आग्रह किया कि सरकार द्वारा घोषित खराबे को बीमा कंपनियों द्वारा तुरंत मान्यता दी जाए और बीमा दावों को रोकने या कम आंकने की प्रक्रियाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि जिन किसानों ने नियमित रूप से प्रीमियम जमा करवाया है उन्हें उनका पूरा और वास्तविक क्लेम समय पर प्राप्त हो सके। किसानों ने यह भी मांग रखी कि फसल खराबा घोषित होने के बाद प्रत्येक बीमाधारक किसान को निर्धारित मुआवजा अनिवार्य रूप से जारी किया जाए, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पूर्व विधायक चेतन डूडी ने भी किसानों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि उनके हक के लिए हर मंच पर आवाज उठाई जाएगी।

error: News 1 Rajasthan