कुचामन सिटी के कारोबारी रमेश रूलानिया की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस जघन्य वारदात पर महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब किसी की जान और कारोबार सुरक्षित नहीं रहा। यह सरकार की कानून व्यवस्था पर गहरी चोट है।”

सारिका चौधरी आज कुचामन पहुंचीं, जहां उन्होंने स्व. रमेश रूलानिया को श्रद्धांजलि अर्पित की, उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि परिवार की आंखों में सिर्फ आंसू नहीं, बल्कि सरकार से जवाब की उम्मीद भी थी — “आख़िर प्रदेश में यह भय का माहौल कब तक रहेगा?”

प्रदेशाध्यक्ष ने इस अमानवीय घटना को राजस्थान की कानून व्यवस्था पर कलंक बताया और सरकार से मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

सारिका चौधरी ने स्पष्ट कहा — “जब तक रमेश रूलानिया को न्याय नहीं मिलेगा, हमारी आवाज़ नहीं थमेगी। यह सिर्फ एक व्यापारी की नहीं, पूरे समाज की सुरक्षा और सम्मान का सवाल है।”
