कुचामन में शुरू हुई नेशनल कराटे चैंपियनशिप, विभिन्न राज्यों के 765 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग । डा. नीरज के.पवन ने शुभारंभ

खेल नगरी कुचामन सिटी इस सप्ताहांत कराटे के जोश और जज़्बे से गूंज उठी। शहर के खंडेलवाल भवन में सिमोन कराटे एकेडमी की ओर से आयोजित दो दिवसीय नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2025 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज के. पवन ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर श्री श्री सुदर्शन महाराज, कानूराम बुनकर और पल्लव राय ने अध्यक्षता की। देशभर के कई राज्यों से 765 खिलाड़ी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। सबसे छोटे प्रतिभागी की उम्र मात्र 6 वर्ष है, जो कराटे के प्रति बच्चों में बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।

“खेल जीवन का सबसे बड़ा शिक्षक” — डॉ. नीरज के.पवन

उद्घाटन समारोह में शासन सचिव डॉ. नीरज कुमार पवन ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं।”

उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास होता है।

डॉ. पवन ने कहा — “जीत और हार दोनों जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव हैं, जो हमें आगे बढ़ने की सीख देते हैं। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, लगन और सही दिशा में किए गए प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ओलंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में खेल कोटे के तहत प्राथमिकता दे रही है।

कुचामन को मिलेगा खेल मानचित्र पर नया स्थान

सिमोन कराटे एकेडमी के निदेशक कमल कुमार गोयल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को मंच देना और कुचामन को खेल मानचित्र पर स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों का चयन राज्य और राष्ट्रीय टीमों के लिए किया जाएगा, जिससे वे आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

गोयल ने बताया कि सभी मुकाबले वर्ल्ड कराटे फेडरेशन (WKF) के नियमों के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं ताकि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

रोमांचक मुकाबलों का दिखा नज़ारा

आयोजन समिति के सदस्य कमल कुमार जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के मुकाबले बेहद रोमांचक और उच्च स्तरीय होंगे। उन्होंने कहा कि “दर्शक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देख रहे हैं। हर मैच कौशल, संतुलन और अनुशासन की परीक्षा है।”

प्रतियोगिता का संचालन रेफरी आयोग के नरेंद्र शर्मा, राजेश गोरा, कमलेश कुमावत, अर्जुन सिंह तथा संयम डायरेक्टर सुमन कराटे अकैडमी के पर्यवेक्षण में किया जा रहा है।

खिलाड़ियों की सफलता और भावना

कराटे चैंपियनशिप के पहले दिन भाव्या बुगलिया, अभिनव वर्मा, पूर्वी, देविका राठौड़, पार्थ, प्रिन्स, अधर्व चौधरी, काव्या रतन सोनी, मार्शल और सार्थक चौधरी ने अपने शानदार प्रदर्शन से गोल्ड मेडल जीते।

खिलाड़ी जतिन जांगिड़ और भाव्या शर्मा ने कहा कि “यह मंच हमारे लिए गर्व का अवसर है। यहां देश के कई राज्यों के उत्कृष्ट खिलाड़ी हैं, जिनसे सीखने और खुद को निखारने का मौका मिल रहा है। हमारा लक्ष्य है कि राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकाएं।”

उपस्थित रहे गणमान्य

कार्यक्रम में सीमा देवी, अशोक मुणावत, तरुण कुमार सोनी, पवन कुमार अग्रवाल, अजय सिंह जावा, नरेंद्र कुमार शर्मा और अर्जुन सिंह सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और अभिभावक उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan