माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार को घोषित बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में एकलव्य एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने विज्ञान, वाणिज्य और कला—तीनों संकायों में बेहतरीन परिणाम देकर स्कूल का नाम रोशन किया।
विद्यालय के निदेशक अक्षय जोशी ने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। आने वाले समय में भी हम इसी तरह उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करते रहेंगे।

विज्ञान संकाय में दमदार प्रदर्शन
विज्ञान वर्ग में जिया पारीक ने 97.00% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा कनिष्का सिंह (96.60%), खुशी जैन (96.00%) और सुमित (95.60%) ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से गजेंद्र ने गणित और केमिस्ट्री में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रिंसिपल मूलचंद शास्त्री ने बताया कि कुल 39 विद्यार्थियों में से 7 ने गणित, 6 ने बायोलॉजी और 1 ने केमिस्ट्री में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जबकि 14 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए।
वाणिज्य संकाय में दिव्य का जलवा
सह-निदेशक लोकेंद्र जोशी के अनुसार, वाणिज्य वर्ग में दिव्य गोयल ने 95.20% अंक प्राप्त कर कुचामन में टॉप किया। दिव्य को इकोनॉमिक्स में 100 अंक मिले। वहीं पायल रायका (93.80%) और अदिति भाटी (93.40%) ने भी शानदार सफलता हासिल की।

कला संकाय में भी उत्कृष्ट परिणाम
कला वर्ग में याना मिश्रा ने 96.80% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। नीतू (91.20%) और साक्षी डूडी (90.20%) ने भी 90% से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कक्षा 10 में भी शानदार उपलब्धि
वाइस प्रिंसिपल एचपी सोनी ने बताया कि कक्षा 10 के परिणाम भी अत्यंत उत्कृष्ट रहे। पांच विद्यार्थियों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए, जिनमें अविका जैन (96.66%), गरिमा राठौड़ (96.00%), मीनल सोनी व तनुजा (95.83%) तथा दृष्टि कुमावत (95.00%) शामिल हैं।

सम्मान समारोह में झलकी खुशी
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को माला पहनाकर और साफा बांधकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अभिभावकों का मुंह मीठा कराया गया।
समारोह में रितिक जैन, धर्मेंद्र सिंह, मनोज जांगिड़, मोनिका जांगिड़, मीनू मिश्रा, नरेंद्र सिंह, हिमांशु सारस्वत, मोना आचार्य, ट्विंकल शर्मा सहित सभी विषय अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पटाखे छोड़कर, गुलाल लगाकर और डीजे पर नृत्य कर विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया गया।
