टैगोर शिक्षा संस्थान फिर बना टॉपर, शानदार परिणाम से कुचामन सिटी का नाम रोशन

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में एक बार फिर टैगोर शिक्षा संस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। विज्ञान, कला और वाणिज्य—तीनों संकायों में उत्कृष्ट परिणाम के साथ संस्थान ने शिक्षा नगरी कुचामन सिटी को नई पहचान दिलाई है।


संस्थान की छात्रा प्रियाशी ने कला संकाय में 99.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं विज्ञान संकाय में अनिशा कनवाड़िया और हरलाल कुम्हार ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वाणिज्य संकाय में दीपक सिंह रावत ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया।
गौरतलब है कि टैगोर एजुकेशन ग्रुप पिछले दो दशकों से लगातार 10वीं और 12वीं के बोर्ड परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आ रहा है। इस वर्ष भी उसी परंपरा को कायम रखते हुए छात्रों ने बेहतरीन परिणाम दिए हैं।


विज्ञान संकाय में कुल 402 विद्यार्थियों में से 99.75 प्रतिशत परिणाम दर्ज हुआ, जिसमें 80 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 385 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। वाणिज्य संकाय में 49 विद्यार्थियों का 100 प्रतिशत परिणाम रहा, जिसमें 9 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। कला संकाय में 164 विद्यार्थियों में से 99.39 प्रतिशत परिणाम रहा, जिसमें 65 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।


इस अवसर पर संस्थान में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रुप चेयरमैन पूर्ण सिंह राणवा सहित प्रबंधन और शिक्षकों ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।
संस्थान परिवार ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।

error: News 1 Rajasthan