राजस्थान का बास्केटबॉल में दबदबा: एशिया कप ट्रायल के लिए प्रदेश से 6 खिलाड़ी चयनित

फिबा U-18 एशिया कप (साबा क्वालिफायर 2026) के लिए भारतीय बास्केटबॉल टीम के चयन ट्रायल में राजस्थान ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। राज्य के छह खिलाड़ियों का एक साथ चयन हुआ है, जो 8 से 10 अप्रैल 2026 तक इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेंगे।


नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी के अनुसार, चयनित खिलाड़ियों में पीयूष चौधरी (सीकर), भूपेंद्र सिंह, मोहम्मद रज्जा और संस्कार सैनी (तीनों जैसलमेर अकादमी), अरमान मटोरिया (गंगानगर) और मोहम्मद सनी (भीलवाड़ा) शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों का चयन हाल ही में हुई नेशनल चैंपियनशिप में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।


राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य लगातार खेल सुधार के मानकों पर खरा उतर रहा है और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेगा। वहीं, प्रदेश सचिव गेमर सिंह सोढ़ा ने बताया कि 12 खिलाड़ियों की संभावित टीम में से 6 का अकेले राजस्थान से होना, राज्य में बास्केटबॉल के बढ़ते स्तर और प्रतिभा का प्रमाण है।


उल्लेखनीय है कि चयनित खिलाड़ी संस्कार सैनी, जो वर्तमान में जैसलमेर खेल अकादमी से खेलते हैं, मूल रूप से डीडवाना के निवासी हैं। एक साथ इतने खिलाड़ियों के चयन से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।

error: News 1 Rajasthan