राजस्थान बास्केटबॉल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए उदयपुर में आयोजित चुनावों में डीडवाना बास्केटबॉल जगत के ‘भीष्मपितामह’ कहे जाने वाले एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ को लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। राठौड़ पिछले आठ वर्षों से इस पद पर रहते हुए प्रदेश में बास्केटबॉल के विकास को नई दिशा दे रहे हैं।

चार-चार वर्ष में होने वाले ये चुनाव राजस्थान के खेल जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। एनडीबीए के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि संघ की स्थापना के बाद से ही अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति की परंपरा रही है, जिसके चलते चुनाव लगातार निर्विरोध होते आए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मोहम्मद नईम खत्री को भी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे डीडवाना-नागौर क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।

राठौड़ सोमवार को डीडवाना पहुंचने पर समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि वे हमेशा खेल और खिलाड़ियों को प्राथमिकता देते आए हैं। उन्होंने कहा कि पद और संगठन खिलाड़ियों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी होते हैं और वे इसे एक जिम्मेदारी के रूप में निभाते हैं। राठौड़ ने बताया कि 1974 में डीडवाना के बांगड़ महाविद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुआ उनका सफर आज पांच दशक बाद भी निरंतर जारी है और वे अपना जीवन बास्केटबॉल व खिलाड़ियों को समर्पित कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने अपने गुरु भगवान सिंह राठौड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

राजस्थान बास्केटबॉल संघ की नई कार्यकारिणी आगामी चार वर्षों के लिए गठित की गई है। इसमें अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह चुंडावत, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार विश्नोई, जसवंत सिंह, सुशील यादव, विकास अग्रवाल, हरीश धन्दवे, सचिव गेमर सिंह सोढा, सह सचिव मून सिंह राठौड़, मोहम्मद अय्यूब, क्षेत्र प्रताप सिंह, रोहन बुलिया, निशा शर्मा, कोषाध्यक्ष शैतान सिंह शेखावत तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जसवंत सिंह जाटावत, दलपत सिंह चुंडावत, अमृत प्रकाश, मोहम्मद नईम, पवन कुमार, पुष्पेंद्र चौधरी और आदिल पठान को शामिल किया गया है।

नई कार्यकारिणी के गठन पर खिलाड़ियों, खेल संगठनों और पूर्व पदाधिकारियों में खुशी की लहर है और सभी ने राठौड़ व नईम खत्री को बधाइयां देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।
