कुचामन सिटी। छोटे शहरों से बड़े सपनों की उड़ान कैसी होती है, इसका सशक्त उदाहरण बनकर उभरी हैं कुचामन की होनहार बेटी डॉ. बुशरा देवड़ा। देश के प्रतिष्ठित इंदौर स्थित जुपिटर हॉस्पिटल में DNB रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में उनके चयन से पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।
डॉ. बुशरा की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि कुचामन की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा भी बनी है।

आधुनिक तकनीकों में हासिल करेगी विशेषज्ञता
इंदौर के जुपिटर हॉस्पिटल में तीन वर्षीय प्रशिक्षण के दौरान डॉ. बुशरा देवड़ा सोनोग्राफी, MRI, सीटी स्कैन और मैमोग्राफी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों में विशेषज्ञता हासिल करेंगी। चिकित्सा क्षेत्र में यह उपलब्धि उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली मानी जा रही है।
शहरभर में अभिनंदन, गर्व का माहौल
डॉ. बुशरा की इस सफलता पर शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों ने उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में मौजूद लोगों ने इसे कुचामन के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

“बेटियों के लिए मिसाल बनीं”—अयूब शेख
इलाई समाज अध्यक्ष पत्रकार अयूब शेख ने कहा कि डॉ. बुशरा देवड़ा ने यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता समाज की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
“कुचामन की प्रतिभा डॉ बुशरा, हमारा गौरव ”—इमरान देवड़ा
समाजसेवी इमरान देवड़ा ने कहा कि डॉ. बुशरा की उपलब्धि यह दर्शाती है कि छोटे शहरों में भी बड़ी प्रतिभाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

“शिक्षा ही तरक्की की कुंजी”—शकील कुरैशी
मुस्लिम एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष शकील कुरैशी ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। डॉ. बुशरा ने अपनी मेहनत से इस बात को सिद्ध किया है।
“परंपरा और संस्कारों की जीत”—मुजफ्फर हुसैन टाक
मुजफ्फर हुसैन टाक ने कहा कि देवड़ा परिवार लंबे समय से चिकित्सा क्षेत्र में सेवाएं दे रहा है और बुशरा की सफलता उसी परंपरा का विस्तार है।

पूर्व पार्षद खान ने शायराना अंदाज़ में की सराहना
पूर्व पार्षद अहमद अली खान ने इस अवसर पर कहा—
“मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके हौसले बुलंद होते हैं,ये आसमां भी झुकता है उनके आगे जिनके इरादे प्रचंड होते हैं , बेटी ने नाम रोशन किया अपने शहर और खानदान का,ऐसे ही जज्बों से नए इतिहास बनते हैं।”
भावुक हुए पिता, मेरी बेटी-मेरा गर्व
वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. इशाक देवड़ा इस मौके पर भावुक नजर आए,उन्होंने कहा कि बेटी की यह उपलब्धि उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने समाज के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताया।

इस दौरान डॉ. बुशरा देवड़ा ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, गुरुजनों और परिवार को देते हुए कहा कि वे चिकित्सा सेवा को अपना जीवन उद्देश्य मानती हैं। उन्होंने बेटियों से शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
11 डॉक्टर, एक परिवार—देवड़ा परिवार बना चिकित्सा सेवा की पहचान
गौरतलब है कि कुचामन सिटी का देवड़ा परिवार चिकित्सा क्षेत्र में एक अलग पहचान रखता है। इस परिवार के 11 सदस्य चिकित्सक हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता के साथ सेवाएं दे रहे हैं।
डॉ बुशरा देवड़ा के पिता,डॉ. इशाक देवड़ा कुचामन के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। डॉ इशाक के भाई डॉ. यूसुफ देवड़ा सीकर में आर्थोपेडिशियन के रूप में कार्यरत हैं, जबकि डॉ. अरशद देवड़ा नागौर में वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट हैं।

इसी तरह डॉ बुशरा के भाई डॉ. आमिर देवड़ा शिशु रोग विशेषज्ञ और भाभी डॉ. सना देवड़ा स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं डॉ बुशरा के ताऊजी शिक्षाविद सरदार देवड़ा के पुत्र डॉ. नदीम सरदार कुचामन के राजकीय जिला चिकित्सालय में अस्थि रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ये रहे मौजूद
अभिनंदन समारोह में इलियास भाटी, उमर भाटी, पूर्व पार्षद अहमद अली खान, पार्षद इकराम भाटी, सरदार अहमद देवड़ा, मुजफ्फर हुसैन टाक, यूनुस भाटी, हनीफ भाटी, हबीब मौलानी, शकील कुरैशी, अख्तर टाक, आरिफ टाक,, मंजूर हुसैन, हारून टाक, उमर मौलानी, अनवर मौलानी, अजहर खान चोपदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
