शिक्षा नगरी कुचामन सिटी में विप्र समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम के सर्किल निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को विप्र समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के राजस्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक विजयसिंह चौधरी से मुलाकात कर शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर आमंत्रण दिया।
इस अवसर पर नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल, विप्र समाज कुचामन सिटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज जोशी, राजस्थान ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष घनश्याम गौड़, पारीक समाज अध्यक्ष भंवरलाल पुरोहित, विप्र समाज सचिव घनश्याम नवहाल, उपाध्यक्ष नरेन्द्र जोशी एवं रविकांत सारस्वत, संयुक्त मंत्री संजय उपाध्याय, गौड़ समाज जिलाध्यक्ष गिरीराज खरीट सहित समाज के कई गणमान्यजन मौजूद रहे।

राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी ने कहा कि विप्र समाज सदैव उनके लिए सहयोगी रहा है और उनके कार्यकाल में भगवान परशुराम सर्किल का निर्माण होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने, विप्र समाज प्रतिनिधियों को शीघ्र ही शिलान्यास कार्यक्रम की तिथि तय कर ,उन्हें सूचित करने की बात कही। साथ ही सभापति सुरेश सिखवाल को सर्किल के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री के निर्देश के बाद दोपहर में प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया एवं सहायक अभियंता गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे। नगर परिषद के सामने मार्ग का नाप-जोख कर सर्किल निर्माण स्थल को पिन प्वाइंट किया गया।
नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने कहा कि भगवान परशुराम सर्किल का निर्माण शहर की पहचान को नई मजबूती देगा। नगर परिषद की ओर से सभी तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जाएगा।

नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि राज्यमंत्री के निर्देशानुसार तुरंत स्थल का चयन कर लिया गया है। नगर परिषद इस कार्य को प्राथमिकता पर लेकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करेगी, ताकि आमजन और समाज दोनों को एक भव्य और सुव्यवस्थित सर्किल मिल सके।
विप्र समाज कुचामन सिटी के अध्यक्ष मनोज जोशी ने कहा कि भगवान परशुराम सर्किल विप्र समाज की आस्था, गौरव और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए राज्यमंत्री विजयसिंह चौधरी और नगर परिषद प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
