विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं के प्रसार में मीडिया की अहम भूमिका : न्यायाधीश खारोल

कुचामन सिटी, तालुका विधिक सेवा समिति, कुचामन सिटी की ओर से शनिवार को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुन्दर लाल खारोल ने की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और आमजन तक इन योजनाओं को पहुंचाने में प्रेस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

न्यायाधीश खारोल ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य कमजोर और वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि न्याय सबके लिए संभव हो सके। इसके तहत लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है, जिससे विवाद कम खर्च में और जल्दी निपट सकें।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की ओर से मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्तियों, मानव तस्करी या वाणिज्यिक यौन शोषण के शिकार पीड़ितों, वरिष्ठ नागरिकों, एसिड अटैक पीड़ितों और महिलाओं को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। इतना ही नहीं, पीड़ित प्रतिकर स्कीम के तहत यौन अपराधों या अन्य गंभीर अपराधों की शिकार महिलाओं को मुआवजा भी उपलब्ध कराया जाता है।

न्यायाधीश खारोल ने कहा कि प्राधिकरण न्यायालयों में लंबित मामलों को मध्यस्थता के जरिए सुलझाने का कार्य करता है। दोनों पक्षकार मध्यस्थ के समक्ष राजीनामे से अपने प्रकरणों का निस्तारण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्री-लिटिगेशन स्टेज पर भी सिविल विवादों का निपटारा किया जाता है, जिससे आमजन को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिलती है।

उन्होंने बताया कि जागरूकता बढ़ाने के लिए प्राधिकरण द्वारा जागृति इकाई एवं दव्यान इकाई के माध्यम से विभिन्न विभागों के सहयोग से शिविर आयोजित किए जाते हैं।

न्यायधीश खारोल ने संविधान के अनुच्छेद 39ए, 14 और 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि हर नागरिक को समान न्याय और मुफ्त कानूनी सहायता का अधिकार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्याय तक पहुंच केवल अमीरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से वंचित तबकों तक भी न्याय सुलभ होना चाहिए।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार हेमराज पारीक, रामनिवास कुमावत, ओम प्रकाश कुमावत, अभिमन्यु जोशी, विमल पारीक, विजय पारीक, बेगराज कुमावत सहित कई मीडियाकर्मी मौजूद रहे । अंत में न्यायाधीश खारोल ने मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करने और लाभान्वित करने में प्रेस की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।

error: News 1 Rajasthan