डीडवाना जिला एवं सेशन न्यायालय को मिला पहला लोक अभियोजक, अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह बाँठड़ी ने संभाला पदभार

डीडवाना – कुचामन जिले में न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने जिला एवं सेशन न्यायालय में प्रथम लोक अभियोजक की नियुक्ति कर दी है। विधि और विधिक कार्य विभाग के शासन सचिव सुरेश चंद बंसल द्वारा जारी आदेश के तहत अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह बाँठड़ी को लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है।

अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह बाँठड़ी जिला एवं सेशन न्यायालय, डीडवाना में राज्य सरकार की ओर से पैरवी करेंगे। आदेश जारी होने के बाद उन्होंने आज विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत से भेंट की और न्यायालयीन कार्यों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संपादित करने का संकल्प व्यक्त किया।

गौरतलब है कि हाल ही में राज्य सरकार ने डीडवाना में जिला एवं सेशन न्यायालय की स्थापना की घोषणा करते हुए जिला न्यायाधीश की नियुक्ति की थी। इसके बाद अब लोक अभियोजक की नियुक्ति होने से न्यायालयीन प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और आमजन को न्याय दिलाने की दिशा में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित हो सकेगी।

डीडवाना के प्रथम लोक अभियोजक के रूप में जिम्मेदारी मिलने के बाद वीरेंद्र सिंह बाँठड़ी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और दायित्व का विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे कानून की मर्यादा और न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।

error: News 1 Rajasthan