कुचामन सिटी के युवा कांग्रेस नेता मोहम्मद हुसैन लीलगर ने हाल ही में जयपुर में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक स्थिति को लेकर गहन चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान मोहम्मद हुसैन लीलगर ने नावां विधानसभा क्षेत्र सहित समूचे राजस्थान में भाजपा सरकार के कार्यकाल में आमजन को हो रही समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ी है और अपराधों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी ने आम आदमी का जीवन दूभर कर दिया है।

हुसैन लीलगर ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय आमजन को राहत देने वाली कई योजनाएं क्रियान्वित थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने ना सिर्फ उन्हें बंद कर दिया बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को भी कमजोर कर दिया है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी वर्तमान हालातों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को बने हुए अभी डेढ़ साल ही हुए हैं और जनता पहले ही उसकी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ दिखावे और प्रचार में लगी है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं।

गहलोत ने यह भी संकेत दिया कि कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाकर भाजपा की नाकामियों को जनता के सामने लाएगी और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करेगी।
यह मुलाकात ना केवल शिष्टाचार भेंट रही, बल्कि प्रदेश की राजनीति में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और जनता के मुद्दों की मुखर प्रस्तुति का प्रतीक भी बन गई है। मोहम्मद हुसैन लीलगर की यह पहल क्षेत्रीय राजनीति में कांग्रेस को एक नई ऊर्जा प्रदान कर सकती है।
